पुस्तक मेले में 6 राज्यों के साहित्य-संस्कृतियों से सजेंगी शामें, 12 नवंबर से फ़ीरोज़ गांधी कॉलेज परिसर में लगेगा आचार्य द्विवेदी स्मृति पुस्तक मेला, किताबों के आनंद संग असम, हिमाचल और एमपी के लोकनृत्य और लोकगीत गूंजेंगे
पुस्तक मेले में 6 राज्यों के साहित्य-संस्कृतियों से सजेंगी शामें
-12 नवंबर से फ़ीरोज़ गांधी कॉलेज परिसर में लगेगा आचार्य द्विवेदी स्मृति पुस्तक मेला
- किताबों के आनंद संग असम, हिमाचल और एमपी के लोकनृत्य और लोकगीत गूंजेंगे
- बुजुर्गों एवं महिलाओं की खेलकूद और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता से होगा आगाज
- बच्चों की प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम और नाटक भी होगा
- 18 नवंबर को युवा कवि सम्मेलन के साथ होगा मेले का समापन
रायबरेली। किताबों की खुशबू के साथ इस बार रायबरेली में देश के 6 राज्यों के साहित्य और लोक संस्कृतियों के रंग बिखरेंगे। असम के लोकनृत्य, हिमाचल प्रदेश की लोक संस्कृति, अवध के बिरहा और बुंदेलखंड के लोकगीतों की स्वर लहरियां सात दिन तक फिरोज गांधी कॉलेज परिसर को गुलजार करेंगी। मौका आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी स्मृति पुस्तक मेले का, होगा। यह मेला 12 से 18 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। मेले की थीम ‘लोकरंग-पुस्तकों संग’ रखी गई है।
आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी स्मृति न्यास और फ़ीरोज़ गांधी कॉलेज के संयुक्त आयोजन में होने वाले इस मेले की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। कॉलेज के संस्थापक प्रबंधमंत्री ओंकार नाथ भार्गव की जन्मशताब्दी के अवसर पर इस बार मेला परिसर उनके नाम को समर्पित होगा। सात दिनों तक यहां पुस्तकों की प्रदर्शनी और बिक्री के साथ साहित्यिक, सांस्कृतिक और लोककलाओं से जुड़े कार्यक्रमों का सिलसिला चलेगा।
मेले का आगाज 12 नवंबर को बुजुर्गों एवं महिलाओं की खेलकूद प्रतियोगिता से होगा। रस्साकशी, कुर्सी दौड़, रूमाल झपट्टा जैसी प्रतियोगिताओं के साथ शाम को फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता होगी। वहीं 18 नवंबर को युवा कवि सम्मेलन के साथ मेले का समापन होगा।
न्यास के संयोजक गौरव अवस्थी ने बताया कि पुस्तक मेले को पुस्तकों तक सीमित न रखकर साहित्य, लोककला और संस्कृति के साझा उत्सव के रूप में तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि असम के कामरूप जिले के लक्ष्मीनाथ नागारा नाम दल से जुड़े लोक कलाकार विशेष लोकनृत्य की प्रस्तुति देंगे।
हिमाचल प्रदेश के लोक कलाकार सरनु राम ‘बिट्टू प्रेमी’ वहां की लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत करेंगे। बुंदेलखंड की चर्चित लोक गायिका उर्मिला पांडेय अपने लोकगीतों से दर्शकों को लोकधुनों की दुनिया से परिचित कराएंगी।
समिति के अध्यक्ष विनोद शुक्ल ने बताया कि 13 नवंबर को पुस्तक मेले का औपचारिक उद्घाटन एवं सम्मान समारोह होगा। इस अवसर पर राजस्थान, महाराष्ट्र और दिल्ली से आने वाले विशिष्टजनों को प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया जाएगा। मेले के दौरान स्कूली बच्चों के लिए वाद-विवाद, चित्रकला और स्वरचित कविता समेत विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। भारतीय जन नाट्य मंच (इप्टा) के रंगकर्मी ‘चमत्कार’ नाटक का मंचन भी करेंगे।
बाॅक्स
20 से अधिक प्रकाशनों के लगेंगे स्टॉल
पुस्तक मेले के संयोजक करुणा शंकर मिश्र ने बताया कि नेशनल बुक ट्रस्ट, राजकमल प्रकाशन, लोकभारती समेत 15 से अधिक प्रकाशनों ने अपने स्टॉल लगाने की सहमति दे दी है। अन्य प्रकाशनों से भी संपर्क किया जा रहा है। मेले में साहित्य, संस्कृति और बच्चों के लिए उपयोगी पुस्तकों की पर्याप्त उपलब्धता रहेगी।
उन्होंने बताया कि मेले में लेखकों और कवियों की पुस्तकों के विमोचन एवं लोकार्पण के लिए भी स्थान निर्धारित किया गया है। जो लेखक अपनी पुस्तक का विमोचन मेले के दौरान करना चाहते हैं, वे आयोजन समिति से संपर्क कर सकते हैं।
प्रतिदिन के कार्यक्रम
12 नवंबर:
सुबह 9 बजे बुजुर्ग एवं महिला खेलकूद प्रतियोगिता और शाम 6 बजे फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता।
13 नवंबर:
- सुबह 9:30 बजे स्कूली बच्चों की वाद-विवाद, चित्रकला एवं स्वरचित कविता प्रतियोगिताएं।
- शाम 6 बजे औपचारिक उद्घाटन एवं सम्मान समारोह।
14 नवंबर:
शाम 6 बजे अवध के बिरहा और हिमाचल प्रदेश की लोक संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम।
15 नवंबर:
दोपहर 12 बजे प्रगतिशील लेखक संघ का जिला सम्मेलन।
शाम 5 बजे बच्चों की सांस्कृतिक प्रतियोगिता एवं इप्टा के नाटक ‘चमत्कार’ का मंचन।
16 नवंबर:
पूर्वाह्न 11 बजे युवाओं की कार्यशाला।
शाम 6 बजे बुंदेलखंड के लोकगीतों और लखीमपुर खीरी के नेत्रहीन बच्चों की प्रस्तुतियां।
17 नवंबर:
पूर्वाह्न 11 बजे स्वास्थ्य मेला
शाम 6 बजे असम के लोक कलाकारों की विशेष प्रस्तुति।
18 नवंबर:
शाम 6 बजे युवा कवि सम्मेलन के साथ पुस्तक मेले का समापन।
टिप्पणियाँ