रायबरेली जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत स्व-गणना एवं जनगणना की तैयारियों को लेकर बैठक सम्पन्न
डीएम की अध्यक्षता में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत स्व-गणना एवं जनगणना की तैयारियों को लेकर बैठक सम्पन्न
रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) के अंतर्गत स्व-गणना एवं मकान-मकान जाकर जनगणना कराए जाने तथा इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के संबंध में जनपद के जिला स्तरीय अधिकारियों, बैंक अधिकारियों एवं महाविद्यालयों के प्राचार्यों के साथ बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत 16 नवम्बर से 30 नवम्बर 2026 तक स्व-गणना (Self Enumeration) का कार्य किया जाएगा। इसके पश्चात 01 दिसम्बर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर मोबाइल ऐप के माध्यम से जनगणना का कार्य सम्पन्न कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्व-गणना पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति स्वयं एवं अपने परिवार की जनगणना ऑनलाइन कर सकता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्व-गणना जनगणना प्रक्रिया को सरल, सुगम एवं सहभागी बनाने की महत्वपूर्ण पहल है। इसके लिए जनपद के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए, जिससे अधिक से अधिक व्यक्ति स्वेच्छा से पोर्टल पर अपनी एवं अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकें। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों, शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों तथा आमजन को स्व-गणना के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें आवश्यक तकनीकी एवं व्यावहारिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराएं।
जिलाधिकारी ने स्व-गणना के प्रचार-प्रसार में तहसीलदारों की महत्वपूर्ण भूमिका निर्धारित करते हुए निर्देशित किया कि सभी तहसीलों में स्व-गणना अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। तहसीलदार अपने-अपने तहसील क्षेत्रों में नायब तहसीलदारों, राजस्व निरीक्षकों, लेखपालों एवं अन्य राजस्व कर्मियों के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में घर-घर तक स्व-गणना की जानकारी पहुंचाना सुनिश्चित करेंगे। ग्राम पंचायतों, नगर निकायों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, तहसील परिसर, ब्लॉक कार्यालयों एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर बैनर, पोस्टर एवं प्रचार सामग्री लगवाकर व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाएगा।
तहसीलदारों को निर्देशित किया गया कि ग्राम प्रधानों, ग्राम पंचायत सचिवों, कोटेदारों, स्वयं सहायता समूहों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेकर व्यक्तियों की स्व-गणना पोर्टल के संबंध में जागरूक करें। विशेष रूप से ऐसे परिवारों, बुजुर्गों एवं युवाओं की, जिन्हें ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी नहीं है, स्व-गणना करने में आवश्यक सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए। प्रत्येक तहसील में प्रचार-प्रसार की नियमित समीक्षा करते हुए स्व-गणना में अधिकाधिक व्यक्तियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि तहसीलदार अपने क्षेत्र में स्व-गणना एवं जनगणना कार्य की तैयारियों की नियमित निगरानी करेंगे तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाएंगे। स्व-गणना पूर्ण करने वाले व्यक्तियों की जानकारी एवं अभियान से संबंधित गतिविधियों की प्रगति निर्धारित माध्यम से संकलित कर जिला मुख्यालय स्थित जनगणना कार्यालय (Census Cell) को उपलब्ध कराई जाए। प्रचार-प्रसार एवं स्व-गणना से संबंधित फोटोग्राफ जनगणना ग्रुप एवं निर्धारित पोर्टल पर अपलोड कराने के भी निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है। अतः सभी अधिकारी आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि जनपद का कोई भी पात्र परिवार जनगणना प्रक्रिया से वंचित न रहे। उन्होंने सभी विभागों को अपने-अपने स्तर से व्यापक प्रचार-प्रसार कर स्व-गणना अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता, अपर जिलाधिकारी (वि०रा०) व जिला जनगणना अधिकारी सहदेव मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम, परियोजना निदेशक डीआरडीए मुनेश चंद्र, जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी विनय कुमार सिंह, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी ब्रजेश तिवारी, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह सहित संबंधित विभागीय अधिकारी, समस्त नोडल अधिकारी एवं जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
टिप्पणियाँ