रायबरेली जिला अस्पताल में तैनात डॉ. रोशन पटेल बने निराश्रितों के लिए भगवान, अब तक 12 बार दे चुके हैं रक्तदान
रायबरेली जिला अस्पताल में तैनात डॉ. रोशन पटेल बने निराश्रितों के लिए भगवान, अब तक 12 बार दे चुके हैं रक्तदान
रायबरेली। जिले में सोमवार को जहां एक ओर आजकल डॉक्टर और तीमारदारों के बीच नोक-झोंक, विवाद और आरोप-प्रत्यारोप की खबरें आम हो गई हैं, वहीं राणा बेनी माधव बख्श सिंह जिला अस्पताल से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जो इंसानियत की मिसाल पेश करती है।
जिला अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. रोशन पटेल निराश्रित और जरूरतमंद मरीजों के लिए मसीहा बनकर उभरे हैं। उन्होंने अब तक 10 से 12 बार ऐसे लोगों को अपना रक्त दान कर जीवन दान दिया है जिनके पास खून खरीदने तक के पैसे नहीं थे।
मरीज को बचाना पहले, बाकी सब बाद में
डॉ. रोशन पटेल ने बताया, अस्पताल में रोज ऐसे मरीज आते हैं जिनके परिजन नहीं होते या जो आर्थिक रूप से इतने कमजोर होते हैं कि ब्लड बैंक से खून नहीं ले पाते। ऐसे में अगर एक यूनिट खून से किसी की जान बच सकती है तो उससे बड़ा धर्म कुछ नहीं।पिछले सोमवार को भी वार्ड में भर्ती एक निराश्रित बुजुर्ग को अत्यधिक रक्त की कमी थी। परिजन न होने के कारण स्टाफ परेशान था। उसी समय डॉ. पटेल ने बिना देरी किए अपना ब्लड ग्रुप मिलाया और तुरंत रक्तदान कर दिया।
स्टाफ और मरीजों में चर्चा का विषय
अस्पताल के स्टाफ का कहना है कि डॉ. पटेल का यह मानवीय चेहरा नया नहीं है। पिछले 2 साल में वह 10 से 12 बार रक्तदान कर चुके हैं। कई बार तो ड्यूटी खत्म होने के बाद भी वह मरीजों की मदद के लिए रुक जाते हैं।एक तीमारदार ने कहा, आज के समय में ऐसे डॉक्टर बहुत कम मिलते हैं। डॉ. साहब ने न सिर्फ इलाज किया बल्कि अपनी जान देकर भी मरीज को बचाया।
सीएमएस ने की सराहना
इस मानवीय कार्य की खबर जब सीएमएस कार्यालय तक पहुंची तो स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भी डॉ. रोशन पटेल के प्रयासों की सराहना की। सीएमएस ने कहा कि ऐसे डॉक्टर ही सरकारी अस्पतालों में लोगों का भरोसा बढ़ाते हैं।
समाज के लिए प्रेरणा
डॉ. पटेल की इस पहल से अस्पताल में अन्य कर्मचारियों और जूनियर डॉक्टरों में भी रक्तदान को लेकर जागरूकता बढ़ी है। उनका कहना है कि "डॉक्टर का काम सिर्फ दवा देना नहीं, मरीज को नया जीवन देना है।
इस समय जब चिकित्सा क्षेत्र में डॉक्टर-मरीज संबंधों पर सवाल उठ रहे हैं, डॉ. रोशन पटेल की यह पहल रायबरेली ही नहीं पूरे प्रदेश के लिए एक नजीर बन गई है।
सर्पदंश और रक्त की कमी के मामले बढ़े
बारिश के मौसम में सर्पदंश और एनीमिया के केस बढ़ने से जिला अस्पताल में रक्त की मांग भी बढ़ी है। ऐसे में डॉ. पटेल जैसे डॉक्टरों का आगे आना मरीजों के लिए संजीवनी साबित हो रहा है।
टिप्पणियाँ