आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना रायबरेली के
विवेक खरे बने आरेडिका के नये महाप्रबंधक
रायबरेली। विवेक खरे भारतीय रेलवे के यांत्रिक इंजीनियरिंग संवर्ग के वरिष्ठ अधिकारी हैं, जो वर्तमान में मॉडर्न कोच फैक्ट्री(एमसीएफ) रायबरेली में प्रधान मुख्य यांत्रिक अभियंता के पद पर कार्यरत हैं।
1 मार्च 2026 से उन्हें महाप्रबंधक, एमसीएफ का प्रभार भी सौंपा गया है, जो उनके नेतृत्व एवं प्रशासनिक दक्षता पर विश्वास को दर्शाता है।
उन्होंने वर्ष 1989 बैच के आईआरएसएमई के माध्यम से 3 मार्च 1991 को भारतीय रेल में सेवा प्रारंभ की। तथा 3 मार्च 1991 को ही राजपत्रित सेवा में प्रविष्ट हुए। श्री खरे बीई उपाधि धारक हैं एवं तीन दशकों से अधिक के अपने उत्कृष्ट कार्यकाल में उन्होंने कार्यशालाओं, डीज़ल शेडों, मंडलों, अनुसंधान संस्थानों एवं प्रतिनियुक्ति पदों पर महत्वपूर्ण दायित्व निभाए हैं।
उन्होंने अपने प्रारंभिक कार्यकाल में विजयवाड़ा तथा सिकंदराबाद (दक्षिण मध्य रेलवे) में सेवाएँ दीं। तत्पश्चात वे लल्लागुड़ा कार्यशाला एवं तुगलकाबाद डीज़ल शेड (उत्तरी रेलवे) में कार्यरत रहे, जहाँ वर्ष 1997 में उन्हें उत्कृष्ट कार्य के लिए महाप्रबंधक पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
वर्ष 2000 से 2005 तक वे प्रतिनियुक्ति पर राइटस लिमिटेड में उप महाप्रबंधक/अपर महाप्रबंधक के रूप में भारत एवं बांग्लादेश की परियोजनाओं का दायित्व संभालते रहे। वर्ष 2005 से 2013 तक उन्होंने आरडीएसओ, लखनऊ में निदेशक के रूप में अनुसंधान, डिज़ाइन मानकीकरण एवं तकनीकी उन्नयन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसके पश्चात वे एडीआरएम, रायपुर तथा मुख्य कार्यशाला प्रबंधक, चारबाग कार्यशाला, लखनऊ (उत्तरी रेलवे) के पद पर 2016 से 2024 तक कार्यरत रहे, जहाँ उन्होंने आधुनिकीकरण एवं उत्पादन दक्षता में उल्लेखनीय प्रगति की।
श्री खरे ने 4 अप्रैल 2024 को आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना, रायबरेली में कार्यभार ग्रहण किया तथा 03 जुलाई 2024 को उन्हें उच्च प्रशासनिक ग्रेड (HAG) में पदोन्नत किया गया। वर्तमान में पीसीएमई एवं महाप्रबंधक के रूप में वे कोच निर्माण में रणनीतिक योजना, उत्पादन विस्तार, गुणवत्ता संवर्धन एवं तकनीकी आधुनिकीकरण का नेतृत्व कर रहे हैं।
उन्होंने आईएसबी हैदराबाद में प्रबंधन कार्यक्रम सहित विभिन्न उच्च स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेकर अपने प्रशासनिक एवं प्रबंधकीय कौशल को और सुदृढ़ किया है।
श्री खरे का मूल रेल मंडल दक्षिण मध्य रेलवे है। उनकी तकनीकी विशेषज्ञता, प्रशासनिक दक्षता एवं दूरदर्शी नेतृत्व से आरेडिका उत्पादन, गुणवत्ता एवं नवाचार के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा तथा भारतीय रेल के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता रहेगा।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें